डाट काली मंदिर
देहरादून | दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। मंदिर के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है जब सुरक्षा कारणों से आम भक्तों के लिए मां डाट काली मंदिर के द्वार दो दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। रविवार शाम 5 बजे से लागू हुई यह पाबंदी 14 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी।
आज पहुंचेगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम योगी दोपहर 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचेंगे और वहां का निरीक्षण करते हुए ठीक 4 बजे मां डाट काली मंदिर में मत्था टेकेंगे। करीब 15 मिनट मंदिर में रुकने और पूजा-अर्चना के बाद वह रवाना होंगे।
14 अप्रैल को पीएम का भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के साथ ही सिद्धपीठ मां डाट काली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर समिति के सेवादारों के अनुसार, पीएम के दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया है।
मंदिर समिति के शुभम गोस्वामी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से यह कड़ा फैसला लिया गया है ताकि प्रधानमंत्री के आगमन पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
