भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
-
पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत का तीखा हमला: ‘सनातन की बात करने वालों ने मंदिरों को भी नहीं छोड़ा’
-
अयोध्या, केदारनाथ और बदरीनाथ धामों में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
रामनगर: अयोध्या राम मंदिर, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में हुए कथित घोटालों और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी आक्रोश जताते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रानीखेत रोड पर प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
‘चोरों जैसी मिलनी चाहिए सजा’: रणजीत रावत
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने सत्ताधारी दल पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को राम लला को लाने वाला बताते थे और सनातन की रक्षा का दम भरते थे, आज उन्हीं के राज में अयोध्या राम मंदिर से चंदा चोरी, केदारनाथ से 216 किलो सोना गायब होने और अब बदरीनाथ धाम से चढ़ावा चोरी होने जैसी शर्मनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। रावत ने आरोप लगाया कि बदरीनाथ धाम से श्रद्धालुओं के दान की चोरी कर भाजपा नेता अपने ही लोगों को मौज-मस्ती करा रहे हैं, जिससे भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो गया है। उन्होंने मांग की कि इस महापाप में शामिल लोगों के खिलाफ वही कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए जो एक आम चोर के खिलाफ की जाती है।
कार्रवाई होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि वे अब इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतर चुके हैं। जब तक पवित्र तीर्थ स्थलों के चढ़ावे और सोने की हेराफेरी में शामिल सफेदपोशों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का यह उग्र आंदोलन और प्रदर्शन पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
