सीएम धामी
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बुनियादी ढांचे की पोल खुलने लगी है। देहरादून के नंदा की चौकी में बना पुल महज तीन हफ्ते के भीतर ही पहली ही बरसात का दंश नहीं झेल पाया और उसकी अप्रोच रोड ढह गई। इस घटना के कारण देहरादून और पोंटा साहिब के बीच की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यदि आवश्यकता पड़ी तो पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी।
पुल सुरक्षित, केवल अप्रोच रोड को पहुंचा नुकसान: सीए
मुख्यमंत्री धामी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके पास मौजूद शुरुआती जानकारी के मुताबिक मुख्य पुल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, केवल उसकी अप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हुई है। प्रशासन और संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर निर्देश देकर मार्ग को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है ताकि जल्द से जल्द यातायात सुचारू किया जा सके।
“निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मामले में यदि जांच की आवश्यकता हुई, तो वह भी की जाएगी। मेरी जानकारी के अनुसार पुल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, केवल अप्रोच रोड ढही है जिसे फिलहाल ठीक किया जा रहा है।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
