cm धामी
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ली उच्च स्तरीय बैठक, तैयारियों को समय से पूरा करने के दिए कड़े निर्देश
अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में आगामी 16 जुलाई से शुरू होने जा रहे ऐतिहासिक श्रावणी मेले का भव्य उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। खास बात यह है कि इस वर्ष अल्मोड़ा जनपद को हरेला पर्व के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की मेजबानी का गौरव मिला है, जिसका शुभारंभ भी मुख्यमंत्री जागेश्वर धाम से ही करेंगे।
इन दोनों बड़े आयोजनों और लोकपर्व हरेला को भव्य रूप देने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ तय समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बनेगा हरेला: डीएम
बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जोर देते हुए कहा कि हरेला केवल रस्म अदायगी या पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता जगाने का एक बड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रोपे गए पौधों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है जितना कि पौधारोपण।
जिले में रोपे जाएंगे 75 हजार पौधे
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के तहत इस वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर पूरे जनपद में 75 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम होने के कारण सुरक्षा, रूट व्यवस्था, पेयजल, और स्वच्छता को लेकर विशेष मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
