बीएलओ
देहरादून: प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को बड़ी राहत दी गई है। एसआईआर (SIR) नोटिस का निपटारा करने के लिए बीएलओ खुद इन मतदाताओं के घर-घर जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विसंगति वाले नोटिसों के मामलों में बुजुर्गों और दिव्यांगों को अनावश्यक रूप से बूथ पर न बुलाया जाए। इसके साथ ही, फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत प्राप्त आवेदनों का समय पर और नियमानुसार निस्तारण करने को कहा गया है। यदि किसी एक व्यक्ति द्वारा पांच से अधिक आपत्तियां प्रस्तुत की जाती हैं, तो ईआरओ (ERO) अपने स्तर पर उसकी विधिवत जांच और सत्यापन करेंगे। अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कुमाऊं और गढ़वाल के मंडलायुक्तों को जिलावार भ्रमण कर सुपर चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ये भी पढ़े : उत्तराखंड चार धाम यात्रा: मानसून में भी उमड़ रही भारी भीड़
