आक्रोश मार्च
रामनगर। शनिवार को रामनगर में आयोजित ‘AI Impact Summit’ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित हंगामे और अराजकता के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से लखनपुर चुंगी तक आक्रोश मार्च निकाला और कांग्रेस का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
देश की छवि धूमिल करने का आरोप
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट ने कहा कि जब भारत वैश्विक मंच पर तकनीकी प्रगति और नवाचार के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, तब इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में व्यवधान डालकर कांग्रेस ने न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुँचाई है।
राजनीति से ऊपर राष्ट्रहित
भाजयुमो अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन राष्ट्रहित से ऊपर कोई राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत की छवि को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी कृत्य को भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा कभी स्वीकार नहीं करेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित में एकजुट रहने का संकल्प लिया और अनुशासित तरीके से अपना विरोध जताया। इस मार्च में भाजपा और युवा मोर्चा के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
