प्लास्टिक के खिलाफ अभियान
6 कुंतल पॉलीथिन ज़ब्त, 1 लाख का जुर्माना
हरिद्वार | जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद प्रशासन ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एसडीएम जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने ज्वालापुर के कटहरा बाजार स्थित ‘एवरग्रीन पॉलिपैक’ पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन बैग बरामद किए गए।
बाजार में मचा हड़कंप:
अचानक हुई इस छापेमारी से कटहरा बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भागते नजर आए। टीम ने दुकान से लगभग 6 कुंतल प्लास्टिक बरामद किया, जिसे तुरंत ज़ब्त कर लिया गया। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदार का एक लाख रुपये का नकद चालान किया गया है।
अभियान जारी रहेगा:
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है और अनाधिकृत प्लास्टिक के भंडारण या बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीम में तहसीलदार सचिन कुमार और एसएसआई खेमेंद्र गंगवार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
