पूर्व विधायक सुरेश राठौर
हरिद्वार | चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की भूमिका को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट में आखिरकार पेंच फंस गया है। नार्को टेस्ट से पहले होने वाले अनिवार्य मेडिकल परीक्षण में सुरेश राठौर अनफिट पाए गए हैं, जिसके चलते अब उनका नार्को टेस्ट नहीं हो सकेगा। इस खबर के सामने आते ही अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने इसे साजिश करार दिया है। वहीं, राठौर ने भी पलटवार करते हुए हरिद्वार पहुंचकर कई बड़े खुलासे करने की बात कही है। दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, नार्को टेस्ट की प्रक्रिया से पहले संबंधित व्यक्ति को एनेस्थीसिया दिया जाता है। शरीर एनेस्थीसिया की मात्रा झेलने के लिए फिट है या नहीं, इसकी जांच के लिए मेडिकल टेस्ट जरूरी होता है। इसी क्रम में चार दिन पहले गुजरात के गांधीनगर पहुंचे सुरेश राठौर का मेडिकल परीक्षण किया गया था। रिपोर्ट में अनफिट पाए जाने के बाद उन्हें बिना नार्को टेस्ट के ही वापस भेज दिया गया।
उर्मिला का आरोप और राठौर का पलटवार
सुरेश राठौर के हरिद्वार पहुंचने से पहले ही अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उर्मिला ने मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए इसे एक साजिश का हिस्सा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश राठौर ने नार्को टेस्ट से बचने के लिए शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का बहाना बनाया है।
दूसरी ओर, गुजरात से लौट रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर भी पलटवार करने से पीछे नहीं हटे हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पहुंचने के बाद वह उर्मिला सनावर का पूरा काला चिट्ठा खोलेंगे और उनसे जुड़े कई राज सार्वजनिक करेंगे। इस दौरान राठौर ने उर्मिला के निजी जीवन और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी तीखे सवाल उठाए हैं।
