मौसम
देहरादून |प्रदेशभर में 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने की वजह से दिन के तापमान में खास गिरावट के आसार नहीं हैं।
बारिश नहीं होने से नवंबर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आमतौर पर इस महीने ठंड का असर बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। सुबह और शाम के समय ही ठंड महसूस की जा रही है। खासकर मैदानी इलाकों में चटक धूप खिलने से तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव के पीछे बारिश की बेरुखी को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
पहाड़ों में हल्का कोहरा, मैदानों में खिलेगी चटक धूप
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेशभर में 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने की वजह से दिन के तापमान में खास गिरावट के आसार नहीं हैं। नवंबर के अंतिम सप्ताह में भी दिन के समय गर्मी का अहसास होने से लोग सर्दियों की पूरी दस्तक का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
