मौसम
पर्वतीय और मैदानी इलाकों में प्री-मानसून की दस्तक; 22 जून तक उत्तराखंड पहुंचेगा मानसून
देहरादून: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान उत्तराखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों यानी 18 जून तक पूरे उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इ तरह बदला रहेगा, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
मैदानी इलाकों में झमाझम, पहाड़ों में बिजली चमकने का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे पिछले कई दिनों से चल रही गर्म हवाओं (लू) और उमस से जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
22 जून तक दस्तक देगा मानसून
उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने का इंतजार भी अब खत्म होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 22 जून तक मानसून उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है।
बंगाल की खाड़ी से आ रहीं मानसूनी हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली मानसूनी हवाएं बेहद तेजी से आगे बढ़ रही हैं। यदि परिस्थितियां इसी तरह अनुकूल रहीं, तो मानसून अपने तय समय पर उत्तराखंड पहुंच जाएगा। मानसून के आने से पहले ही राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून एक्टिविटी शुरू हो चुकी है।
मौसम वैज्ञानिकों ने दी सतर्क रहने की सलाह
विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून के आगमन के साथ ही पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी। हालांकि, शुरुआती दौर में कहीं-कहीं तेज आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
