सांकेतिक तस्वीर
मदरसों को बंद करने पर दी थी परिणाम भुगतने की चेतावनी, ईदगाह की जमीन वापस करने की भी उठाई थी मांग
रुद्रपुर। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने वाले मुफ्ती मुजीब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब पर आरोप है कि उन्होंने मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। साथ ही उन्होंने ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी उठाई थी।
बुधवार को रुद्रपुर में बारावफात का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा का आयोजन हुआ। इसके बाद गुरुवार को सभा में दिए गए भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर कहते दिखाई दे रहे हैं कि इनके बारे में ज्यादा फैसले नहीं किए जाने चाहिए।
वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है। इसके बाद वह मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी उठाई गई।
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और शुक्रवार देर रात उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
रम्पुरा चौकी प्रभारी के अनुसार पूछताछ के बाद मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
