कांवड़ मेला समीक्षा बैठक
देहरादून|मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली पावन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए शासन व प्रशासन के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा, “कांवड़ यात्रा सनातन परंपरा का एक महान पर्व है। प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, समन्वय और सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।”
AI और ड्रोन से होगी निगरानी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके अलावा, पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एआई (AI) आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।
उपद्रवियों और अफवाह फैलाने वालों पर कसता शिकंजा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर कड़ी नज़र रखी जाएगी और दोषियों पर त्वरित कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
