बैरागीवाला
बैरागीवाला: भाजपा नेता विनोद कुमार हत्याकांड के बाद पिछले चार दिनों से गहरे तनाव और खौफ के साए में जी रहे बैरागीवाला गांव में अब जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। घटना के बाद पैदा हुए डर के माहौल के कारण गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर गए मुस्लिम समुदाय के परिवार अब अपने घरों को वापस लौटने लगे हैं। कई दिनों से बंद पड़े घरों के ताले खुल रहे हैं और बाजारों में दुकानों के शटर भी ऊपर उठने लगे हैं।
शनिवार शाम को हुई इस जघन्य हत्या के बाद गांव में आक्रोशित भीड़ जमा हो गई थी, जिससे अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का गुस्सा मुख्य रूप से आरोपियों के परिवारों और उनके मकानों पर था, लेकिन बिगड़ते माहौल को देख अन्य निर्दोष मुस्लिम परिवारों में भी डर बैठ गया था। सुरक्षा के लिहाज से करीब 25 मुस्लिम परिवार अपने घर-मकान छोड़कर आसपास के गांवों में रिश्तेदारों के यहाँ चले गए थे। मंगलवार को गांव की सड़कों पर फिर से चहल-पहल देखी गई।
“दोषियों को मिले कठोर सजा, हम शांति चाहते हैं” — ग्रामीण
गांव के माहौल को सुधारने और भाईचारे को बनाए रखने के लिए स्थानीय निवासियों ने खुलकर अपनी बात रखी:
“तनाव के माहौल को देखते हुए हम परिवार सहित खुशहालपुर अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए थे। गांव में अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, इसलिए मैं वापस लौटा हूँ। जल्द ही अपने बच्चों को भी वापस ले आऊंगा।”
— मोहम्मद ताहिर, स्थानीय निवासी
“गांव का माहौल हमेशा से ही अच्छा रहा है। कुछ असामाजिक तत्वों की वजह से यह तनाव पैदा हुआ है। हम सभी ग्रामीण चाहते हैं कि ऐसे लोगों का कोई साथ न दे और कानून उन्हें कठोर से कठोर सजा दे।”
— मोहम्मद उस्मान, सदर (मस्जिद आईशा)
“पिछले तीन दिनों से शासन और प्रशासन के माध्यम से हर प्रकार की मदद मिली है, जिससे किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। तीन दिन बाद दुकानें खुली हैं। जिसने जैसा किया है, उसे उसका फल (सजा) मिलना ही चाहिए।”
— लियाकत अली, स्थानीय निवासी
प्रशासन ने की बैठक, दिया सुरक्षा का भरोसा और चेतावनी
गांव में पूरी तरह शांति बहाल करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कमान संभाल ली है। मस्जिदों में नमाज पढ़कर लौट रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों से अधिकारियों ने सीधी बात की। प्रशासन ने सभी को सुरक्षा का पुख्ता भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे बिना किसी डर के अपने घरों में रहें और नियमित कामकाज शुरू करें।
इसके साथ ही, प्रशासन ने सख्त लहजे में यह चेतावनी भी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार की असामाजिक या गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
