मौत
देहरादून|राजधानी देहरादून के पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत बिजली का खंभा लगाने के दौरान वह पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट की चपेट में आने से पांच मजदूर बुरी तरह झुलस गए, जिनमें से एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, चार अन्य मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं।
11 हजार की लाइन से छू गया खंभा
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली सुदृढ़ीकरण का काम चल रहा था। एक निजी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से ये मजदूर वहां नया खंभा लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक खंभा अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही 11 हजार की चालू लाइन से टकरा गया। करंट इतना तेज था कि अमरोहा (यूपी) निवासी उमेश कुमार की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पप्पू और जसमान समेत चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।
जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे अधिकारी
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस बीच, बिजली विभाग और संबंधित कंपनी के अधिकारी इस हादसे और योजना के तहत काम चलने की बात से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।
शव परिजनों को सौंपा, जांच जारी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल से करंट लगने और एक कर्मचारी की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतक उमेश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया था।
