स्वाति मालीवाल
सिद्धपीठ दक्षिण काली मंदिर में की पूजा-अर्चना; आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी से लिया आशीर्वाद
हरिद्वार: केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल अपनी धार्मिक व राष्ट्रीय यात्रा पर हैं। इसी कड़ी में शनिवार को उन्होंने धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचकर अपनी इस विशेष यात्रा की शुरुआत की। स्वाति मालीवाल ने यहाँ के सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ दक्षिण काली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां भगवती का आशीर्वाद लिया।
‘हरिद्वार से शुरू हुई स्वाति की नई यात्रा’
इस अवसर पर सिद्धपीठ के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने स्वाति मालीवाल को अपनी बेटी के समान बताते हुए उनका भव्य स्वागत किया। महाराज ने कहा कि दिल्ली भले ही देश की राजनैतिक राजधानी हो, लेकिन हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक राजधानी है। इसलिए स्वाति मालीवाल की इस गौरवशाली धार्मिक और राष्ट्रीय यात्रा की शुरुआत धर्मनगरी हरिद्वार से होना बेहद शुभ और महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्वाति ने आश्रम में उनके साथ भोजन कर आध्यात्मिक चर्चा भी की।
वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत का मजबूत नेतृत्व: स्वाति मालीवाल
प्रेस से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज दुनिया भर में युद्ध और कई बड़ी चुनौतियां खड़ी हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत का लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री की लंबी आयु के लिए प्रार्थना
स्वाति मालीवाल ने कहा कि वह दक्षिण काली मंदिर में देश के मजबूत नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु की कामना लेकर आई हैं। यहाँ महाराज के सानिध्य में उन्हें अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ है। महाराज ने उन्हें देश की संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का विशेष आशीर्वाद दिया है।
