सोमवती अमावस्या
चारधाम यात्रा और स्नान पर्व पर उमड़ेगी भारी भीड़; जाम और सुरक्षा से निपटने को रूट डायवर्जन प्लान लागू
हरिद्वार: सोमवती अमावस्या, वीकेंड और गतिमान चारधाम यात्रा के त्रिवेणी संगम के चलते धर्मनगरी हरिद्वार में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यातायात को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि आगामी दिनों में बढ़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर एक व्यापक मेगा प्लान तैयार किया गया है।
भीड़ बढ़ते ही लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के अनुसार, शहर की यातायात व्यवस्था को रीढ़ देने के लिए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार रखा गया है। जैसे ही वाहनों का दबाव बढ़ेगा, रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और पर्यटकों के लिए प्रमुख प्रवेश द्वारों पर विशेष चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की 24 घंटे तैनाती की गई है।
जाम से मुक्ति के लिए अतिरिक्त पार्किंग और आवारा पशुओं पर नकेल
प्रशासन ने इस बार हाईवे और हर की पौड़ी के आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष रणनीति बनाई है:
-
अतिरिक्त पार्किंग: धार्मिक स्थलों और घाटों के नजदीक बड़े खाली मैदानों को अतिरिक्त पार्किंग के रूप में चिन्हित किया गया है।
-
विशेष अभियान: सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण लगने वाले लंबे जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम और प्रशासन संयुक्त रूप से विशेष धरपकड़ अभियान चलाएगा।
यातायात नियमों का पालन करें श्रद्धालु: डीएम
जिलाधिकारी ने देश के कोने-कोने से आ रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करें।
ये भी पढ़े : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर हरिद्वार पहुँचीं स्वाति मालीवाल
