नवजोत सिंह सिद्धू
* चुपचाप हरिद्वार पहुंचे सिद्धू; मीडिया और लाइमलाइट से बनाई पूरी दूरी
* सिद्धपीठ मां माया देवी मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना, बाबा भैरव का भी लिया आशीर्वाद
* पीलीभीत हाउस में दो दिन रुकने के बाद अगले गंतव्य के लिए रवाना, सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज
हरिद्वार|अपने बेबाक बयानों, शेरो-शायरी और हास्य मंचों पर जोरदार ठहाकों के लिए मशहूर पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों पूरी तरह अध्यात्म के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। सिद्धू ने धर्मनगरी हरिद्वार का बेहद गोपनीय दौरा किया, जिसने सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक सबका ध्यान खींच लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नवजोत सिंह सिद्धू पिछले दो दिनों से चुपचाप हरिद्वार में प्रवास पर थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया और चकाचौंध से पूरी तरह दूरी बनाए रखी, जिससे उनके इस दौरे की भनक स्थानीय लोगों को भी देरी से लगी। बृहस्पतिवार को उन्होंने हरिद्वार के सुप्रसिद्ध और प्राचीन सिद्धपीठ माँ माया देवी मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए। यहाँ उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ मां की विशेष पूजा-अर्चन की और इसके बाद मंदिर परिसर में ही स्थित बाबा भैरव के दर पर मत्था टेककर उनका आशीर्वाद लिया।
धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ संपन्न करने के बाद सिद्धू सीधे हरिद्वार के प्रसिद्ध होटल ‘पीलीभीत हाउस’ पहुंचे। जहाँ कुछ देर रुकने और अपना सामान समेटने के बाद वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। सिद्धू का यह दौरा इतना गोपनीय था कि उनके आने और जाने की खबर बेहद सीमित लोगों को ही थी। अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सिद्धू के इस अचानक और गुप्त धार्मिक प्रवास के सियासी और आध्यात्मिक मायने तलाशे जा रहे हैं।
