रुड़की । सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां भर्ती एक मरीज का शव शौचालय में लहूलुहान हालत में मिला। मृतक की पहचान लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37) के रूप में हुई है। आशीष के गले पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।
3 महीने पहले हुआ था भर्ती
परिजनों के अनुसार, आशीष को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए करीब तीन माह पहले इस केंद्र में भर्ती कराया गया था। उन्हें उम्मीद थी कि वह यहां से ठीक होकर घर लौटेगा, लेकिन मंगलवार रात केंद्र संचालक ने आशीष का शव शौचालय में देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंदरूनी रंजिश की आशंका
नशा मुक्ति केंद्र के भीतर हुई इस हत्या ने केंद्र की सुरक्षा और प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्र के भीतर धारदार हथियार कैसे पहुंचा, यह पुलिस के लिए जांच का मुख्य विषय है। परिजनों और वहां मौजूद कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि केंद्र में ही भर्ती किसी दूसरे मरीज ने इस वारदात को अंजाम दिया होगा।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
“मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और वहां भर्ती अन्य मरीजों से पूछताछ जारी है। जल्द ही हत्या की वजह और आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।” — शेखर चन्द्र सुयाल, एसपी देहात
पुलिस अब केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और वहां के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि हत्या की कड़ियों को जोड़ा जा सके। इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
