कुत्ते को गंगा में नहलाने
हरिद्वार । धर्मनगरी हरिद्वार के सर्वानंद घाट पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक महिला द्वारा अपने पालतू कुत्ते को पतित पावनी गंगा में नहलाने का मामला सामने आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने गंगा की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विरोध करने पर भड़की महिला
जानकारी के अनुसार, एक परिवार के साथ आई महिला अपने पालतू कुत्ते को लेकर गंगा घाट पर पहुंची और उसे पानी में नहलाने लगी। घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने जब इसका विरोध किया और इसे आस्था का अपमान बताया, तो महिला शांत होने के बजाय उल्टा उन पर ही भड़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला और श्रद्धालुओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई।
परिजनों ने संभाला मोर्चा
बहस को बढ़ता देख महिला के साथ आए परिजनों ने हस्तक्षेप किया। माहौल को बिगड़ता देख परिजनों ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया और कुत्ते को लेकर तत्काल वहां से रवाना हो गए। हालांकि, यह घटना किस दिन की है, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन वायरल वीडियो ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसी घटनाओं से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घाटों पर निगरानी बढ़ाई जाए और मर्यादा भंग करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।
