बस हादसा
नैनीताल। जनपद के भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सुबह-सुबह हुआ हादसा
आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल को शुक्रवार सुबह करीब 07:27 बजे सूचना मिली कि खुपी क्षेत्र के पास एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटनास्थल पर बस की स्थिति बेहद खराब थी। बस के चालक के अनुसार, वाहन में लगभग 15 से 16 यात्री सवार थे। SDRF की टीम ने बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। टीम ने कुशलतापूर्वक 07 घायलों को बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़े : रामनगर में 10-टायरा वाहनों पर प्रतिबंध
एक यात्री की मौत
बचाव अभियान के दौरान टीम को एक यात्री का शव बरामद हुआ, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। SDRF टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी गहन सर्च ऑपरेशन चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य यात्री झाड़ियों या मलबे में न फंसा हो। फिलहाल पुलिस प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
