जशोधर भट्ट
खटीमा | नगर के जाने-माने वरिष्ठ व्यापारी और प्रॉपर्टी डीलर जशोधर भट्ट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी की लहर दौड़ गई है। मंगलवार को उनका शव सुजिया गांव के पास एक नाले किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ अवस्था में मिला। मृतक शहर में अस्पताल और गारमेंट्स के बड़े व्यवसाय से भी जुड़े थे।
जानकारी के अनुसार, जशोधर भट्ट मंगलवार सुबह अपनी बाइक से ऑफिस जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दोपहर में एक बकरी चराने वाले व्यक्ति ने सुजिया गांव में नाले के पास उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना स्थल पर उनकी बाइक खड़ी मिली और शव के पास ही एक पिस्टल भी पड़ी हुई थी।
सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही एसआई किशोर पंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स का भी प्रथम दृष्टया यही मानना है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।
शाम के समय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जशोधर भट्ट जैसे प्रतिष्ठित व्यवसायी की अचानक मृत्यु से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खटीमा के व्यापारिक जगत और स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर गहरा दुख और आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
