90 फीसदी टिकटों की बुकिंग होगी ऑनलाइन, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यूकाडा ने कसी कमर; मौसम के फीडबैक पर टिकी रहेगी व्यवस्था।
देहरादून। चारधाम यात्रा के तहत बाबा केदारनाथ धाम जाने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण जून के पहले सप्ताह में केदारनाथ हेली सेवा बुकिंग का अगला स्लॉट खोलने जा रहा है। इस नए स्लॉट के खुलने के बाद श्रद्धालु 15 जून के बाद की तय यात्रा तिथियों के लिए अपने हेलीकॉप्टर टिकटों की बुकिंग कर सकेंगे।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ हेली सेवा के तीनों सेक्टरों में कुल आठ हेलीकॉप्टर कंपनियाँ अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के भारी उत्साह के चलते 15 जून तक की सभी टिकटें पहले ही पूरी तरह बुक हो चुकी हैं। अब यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए अगले चरण की बुकिंग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं और जल्द ही नया स्लॉट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया जाएगा।
कालाबाजारी रोकने को 90% ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था
टिकट वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी को रोकने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं। डॉ. चौहान ने साफ किया कि कुल उपलब्ध टिकटों में से 90 प्रतिशत टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही बुक किए जा सकेंगे। वहीं, आपातकालीन और स्थानीय व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए केवल 10 प्रतिशत टिकट काउंटर (ऑफलाइन) के माध्यम से दिए जाने की व्यवस्था की गई है।
बदलते मौसम को लेकर प्रशासन अलर्ट
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और उसकी अनिश्चितता को देखते हुए प्रशासन बेहद सावधानी बरत रहा है। यूकाडा के मुताबिक, मौसम विशेषज्ञों से लगातार पल-पल का फीडबैक लिया जा रहा है। शासन और मुख्यमंत्री के सख्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर अगले स्लॉट की बुकिंग प्रक्रिया संचालित की जाएगी, ताकि केदारनाथ पहुंचने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।
