नारी शक्ति वंदन अधिनियम
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा अल्मोड़ा के चौहान बाटा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया और हस्ताक्षर अभियान चलाकर इस ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया।
नीति निर्धारण में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम है। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से अब महिलाएं न केवल राजनीति में सक्रिय होंगी, बल्कि नीति निर्धारण और नेतृत्व में भी उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित होगी।
योजनाओं से मिली नई पहचान
भाजपा महिला मोर्चा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास की अग्रणी भागीदार बन चुकी हैं। उज्ज्वला योजना से धुएं से मुक्ति, स्वच्छ भारत अभियान से गरिमा की रक्षा और जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर पानी पहुँचाकर महिलाओं के जीवन को सुगम बनाया गया है।
सुरक्षा और आर्थिक मजबूती पर जोर
नेताओं ने आयुष्मान भारत, मिशन शक्ति और महिला हेल्पलाइन 112 जैसी योजनाओं को महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया। साथ ही, मुद्रा योजना और जन धन योजना के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर भारी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े: जय भीम के उद्घोष के साथ हल्द्वानी में निकली बाबा साहेब की भव्य शोभायात्रा
