मौत
रामनगर: रामनगर से कुछ दूरी पर स्थित ग्राम करैलपुरी में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया, जब जंगल में एक 30 वर्षीय युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त गांव के ही गुरदास के रूप में हुई है। घटना के बाद जहां पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर गुरदास को जिंदा जलाकर बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मजदूरी के बहाने ले गया था आरोपी
मृतक के ताऊ ईश्वर सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह उनका भतीजा गुरदास घर पर था। तभी गांव से कुछ दूरी पर रहने वाला छिंदर सिंह नामक व्यक्ति गुरदास को अपने साथ मजदूरी कराने के बहाने ले गया था। लेकिन जब देर रात तक भी गुरदास वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने रातभर गुरदास की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। गुरुवार की सुबह गांव के पास स्थित जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में गुरदास का बुरी तरह झुलसा हुआ शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
खौलती शराब (लहन) डालकर हत्या का आरोप
मृतक के ताऊ ईश्वर सिंह का सीधा आरोप है कि आरोपी छिंदर सिंह गांव में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने का धंधा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि छिंदर सिंह बुधवार को गुरदास को ले गया और पहले उससे अपने यहां छप्पर बंधवाया। इसके बाद उसने गुरदास से कच्ची शराब तुड़वाई। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर छिंदर सिंह और उसके कुछ साथियों ने मिलकर पहले गुरदास के साथ जमकर मारपीट की और फिर उसके ऊपर भट्टी का खौलती हुआ लहन (कच्ची शराब का गर्म मिश्रण) डाल दिया, जिससे झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने 5 से 6 संदिग्धों को लिया हिरासत में
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाल सुशील कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। शक के आधार पर करीब 5 से 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े : जानिए कैसा रहेगा आज मौसम का मिजाज
