हेमकुंड साहिब
समुद्र तल से 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है पवित्र धाम, फूलों से गुलजार हुई हेमकुंड घाटी
चमोली: सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 10 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने यह जानकारी देते हुए सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पूर्व अपनी यात्रा पूर्ण कर लें। इस वर्ष हेमकुंड साहिब की यात्रा का शुभारंभ 23 मई को विधि-विधान के साथ हुआ था, जिसके बाद से देश-विदेश से अब तक 2 लाख 38 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र धाम के दर्शन कर मत्था टेका है।
फूलों से गुलजार हुई हेमकुंड घाटी:
वर्तमान में 15,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड घाटी प्राकृतिक सुंदरता और फूलों से गुलजार है। यहां वैली ऑफ फ्लावर्स की तरह ही विभिन्न प्रकार के फूल और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले दुर्लभ ब्रह्मकमल अपनी पूरी छटा बिखेर रहे हैं। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से इस मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का अनुरोध किया है। साथ ही, ट्रस्ट के अध्यक्ष ने सफल यात्रा संचालन के लिए उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों, सेना और सभी सेवादारों का आभार व्यक्त किया है।
