भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
हल्द्वानी|उत्तराखंड में साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आगामी 10 सितंबर को हल्द्वानी में भाजपा की महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष रूप से शामिल होकर कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां जोरों पर हैं।
संगठनात्मक रूप से बेहद अहम है दौरा
राजनीतिक हलकों में इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव से पहले होने जा रही इस कार्यसमिति में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीतियों और कार्यक्रमों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
मुख्य बैठक से एक दिन पहले यानी 9 सितंबर को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें संगठन के तमाम बड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से देवभूमि के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
-
9 सितंबर:
-
दोपहर 3:00 बजे: हल्द्वानी में राज्य कार्यसमिति की बैठक।
-
शाम 5:00 बजे: हल्द्वानी में प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक।
-
शाम 7:00 बजे: हल्द्वानी में राज्य कोर कमेटी के साथ अहम बैठक।
-
-
10 सितंबर:
-
सुबह 10:00 बजे: हल्द्वानी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की बैठक का संचालन।
-
दोपहर 12:00 बजे: हल्द्वानी में आयोजित भव्य पूर्व सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग।
-
दोपहर 2:45 बजे: रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में शिरकत।
-
पूर्व सैनिकों और समाज से सीधा संवाद
कार्यसमिति की बैठकों के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी काफी खास रहने वाला है। हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन के जरिए पार्टी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से सीधा संवाद करेगी। वहीं, रुद्रपुर में होने वाले पंजाबी गौरव सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न वर्गों को साधने की पूरी तैयारी है। फिलहाल, भाजपा संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है।
