ज्वालापुर कोतवाली
हरिद्वार। धर्मनगरी के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान बीच सड़क पर हुड़दंग मचाना और यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाना कुछ युवकों को बेहद महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए हुड़दंग में शामिल सभी 5 चारपहिया वाहनों (कारों) को चिन्हित कर सीज कर दिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के हुड़दंगियों में हड़कंप मचा हुआ है।
हूटर बजाकर खिड़कियों से बाहर निकले थे युवक
मिली जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल के संज्ञान में एक वीडियो आया था। वीडियो में कुछ युवक कारों में तेज आवाज में हूटर बजाते हुए और गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए नजर आ रहे थे। जांच में सामने आया कि यह वीडियो ज्वालापुर क्षेत्र के सराय रोड का है, जो बीती 18 जून को राहगीरों द्वारा बनाया गया था। सरेराह इस तरह की जानलेवा स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
एमवी एक्ट के तहत एक्शन, परिजनों को भी चेतावनी
वीडियो के आधार पर पुलिस मीडिया सेल ने तत्काल ज्वालापुर कोतवाली को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने फुटेज की मदद से सभी वाहनों और उनमें सवार युवकों की पहचान की, जिसके बाद पांचों कारों को कोतवाली तलब किया गया। पुलिस ने मोटर वाहन (MV) एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचों गाड़ियों को मौके पर ही सीज कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए युवकों और उनके परिजनों को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार का जानलेवा हुड़दंग दोबारा किया गया, तो संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
