पूर्व मेयर गौरव गोयल
रुड़की। नगर की सियासत में शनिवार को एक बड़ा भूचाल आ गया। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कांग्रेस में शामिल होने का औपचारिक निर्णय ले लिया है। इस ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम के गवाह बनने के लिए गौरव गोयल आज सैकड़ों उत्साहित समर्थकों के काफिले के साथ दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के लिए रवाना हुए।
ढोल-नगाड़ों के साथ दिल्ली कूच
रुड़की में सुबह से ही गौरव गोयल के आवास और आसपास समर्थकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘जिंदाबाद’ के नारों के बीच गौरव गोयल का भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों का भारी हुजूम गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ, जिसे क्षेत्र में गौरव गोयल के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
जनता की सेवा के लिए बदला पाला
दिल्ली रवानगी से पूर्व मीडिया से रूबरू होते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा, “मेरा लक्ष्य हमेशा से जनता की सेवा रहा है। कांग्रेस की विचारधारा और विकासपरक नीतियों से प्रभावित होकर मैंने यह कदम उठाया है। अब कांग्रेस के बैनर तले क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाया जाएगा।”
बदलेंगे रुड़की के सियासी समीकरण
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि गौरव गोयल का कांग्रेस में जाना रुड़की विधानसभा और नगर निगम की राजनीति में दूरगामी प्रभाव डालेगा। उनके साथ जुड़े एक बड़े वोट बैंक और मजबूत जमीनी पकड़ के चलते आगामी चुनावों में कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिल सकती है। समर्थकों का दावा है कि उनके आने से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और विपक्षी खेमे के लिए यह एक बड़ी चुनौती साबित होगा।
ये भी पढ़े :उत्तराखंड में बड़ा उलटफेर: 6 दिग्गज आज थामेंगे कांग्रेस का हाथ
