हरिद्वार
हरिद्वार। एक मई को होने वाले बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व के दृष्टिगत हरिद्वार पुलिस ने व्यापक यातायात प्लान जारी कर दिया है। शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह प्लान 30 अप्रैल की रात 12 बजे से प्रभावी हो जाएगा और मेला समाप्ति तक लागू रहेगा।
बॉर्डर पर ही रोके जाएंगे भारी वाहन
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में सभी भारी वाहनों को जिले के बॉर्डरों पर ही रोक दिया जाएगा। 30 अप्रैल की रात से शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
-
दिल्ली-मेरठ मार्ग: इस ओर से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर और गुरुकुल कांगड़ी होते हुए आएंगे। इन्हें अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। अधिक दबाव होने पर वाहनों को नगलाइमरती से लक्सर-फेरूपुर होते हुए बैरागी कैंप भेजा जाएगा।
-
नजीबाबाद-मुरादाबाद मार्ग: इस रूट के छोटे वाहन चंडीचौकी होते हुए आएंगे, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में भेजा जाएगा।
-
देहरादून-ऋषिकेश मार्ग: यहाँ से आने वाले वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए लालजीवाला व पंतद्वीप पार्किंग में भेजे जाएंगे।
ऑटो और विक्रम के संचालन पर सख्ती स्नान पर्व के दौरान स्थानीय यातायात को नियंत्रित करने के लिए ऑटो और विक्रम के रूट भी तय किए गए हैं। देहरादून-ऋषिकेश की ओर से आने वाले ऑटो केवल जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे। इसके साथ ही ललतारो पुल से शिवमूर्ति चौक के बीच ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
