16 लाख के उपकरण
अल्ट्रासाउंड सहित कई जरूरी उपकरण अस्पताल को किए गए समर्पित, विधायक दीवान सिंह बिष्ट बोले- मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना प्राथमिकता
रामनगर। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को उपचार के दौरान होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रामनगर के स्वर्गीय रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय को विधायक निधि से 16 लाख रुपये से अधिक की धनराशि से खरीदे गए महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने भाजपा नगर अध्यक्ष भूपेंद्र खाती और चिकित्सालय प्रबंधन समिति के सदस्य नवीन करगेती की मौजूदगी में अस्पताल पहुंचकर इन उपकरणों को जनता को समर्पित किया।
दरअसल, रामनगर के सरकारी अस्पताल में लंबे समय से महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण मरीजों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने पूर्व में विधायक निधि से आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से 16 लाख रुपये से अधिक की धनराशि से विभिन्न उपकरणों की खरीद की गई। शनिवार को इन उपकरणों को अस्पताल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने अस्पताल में जरूरी उपकरणों की कमी की समस्या उनके सामने रखी थी और इन्हें उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने विधायक निधि से कई महत्वपूर्ण उपकरण खरीदने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि खरीदे गए उपकरणों में अल्ट्रासाउंड की आरओवी (प्रोब) भी शामिल है। इसके उपलब्ध होने से अब मरीजों को छोटी-छोटी जांच और अल्ट्रासाउंड के लिए निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में ही मरीजों को यह सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा अस्पताल के लिए स्ट्रेचर, व्हीलचेयर सहित कई अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण भी खरीदे गए हैं। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे। भविष्य में भी यदि अस्पताल को किसी अन्य उपकरण या संसाधन की आवश्यकता होगी तो उसे पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और उनकी प्राथमिकता मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
वहीं, चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. तपन शर्मा ने विधायक दीवान सिंह बिष्ट का आभार जताते हुए कहा कि अस्पताल को उपलब्ध कराए गए उपकरण मरीजों के उपचार में काफी उपयोगी साबित होंगे। इन उपकरणों के मिलने से अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सीएमएस ने बताया कि विधायक के प्रयासों से अस्पताल में एक फिजिशियन चिकित्सक ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इसके अलावा ईएनटी सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ भी जल्द ही अस्पताल में अपनी सेवाएं देना शुरू करेंगे। इससे मरीजों को संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
इस दौरान सीएमएस डॉ. तपन शर्मा ने विधायक के सामने अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति होने से महिलाओं को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इस पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर रामनगर अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती के लिए प्रयास करेंगे।
