सीएम धामी
– कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, राहुल गांधी की राजनीति बन चुकी है ‘झूठ की गूंज’
– शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने का किया जा रहा है भ्रामक प्रयास
– सरकार ने प्रदेशभर में लगभग 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि कराई मुक्त
देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आज विपक्ष के पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। यही वजह है कि राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान दो टूक कहा कि राहुल गांधी द्वारा किए गए कई दावे फैक्ट चेक में पूरी तरह गलत साबित हुए हैं।
शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने की निंदा
हाल ही में सामने आए शुद्धिकरण प्रकरण को जातिगत रंग देने के कांग्रेस के प्रयासों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस विषय पर भ्रम फैलाया और समाज को बांटने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था और इसका जातिवाद से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं था। इस आयोजन को करने वाले लोग स्वयं अनुसूचित समाज से हैं, जिससे कांग्रेस द्वारा गढ़े गए पूरे नैरेटिव की सच्चाई जनता के सामने आ गई है।
निवेश और रोजगार पर कांग्रेस को घेरा
यूआईआईडीबी (UAIDB) से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था प्रदेश में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में आ रहा निवेश और युवाओं का विकास कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है, इसलिए वे अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।
13 हजार एकड़ सरकारी भूमि कराई गई मुक्त
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में लगभग 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराया है। इस सख्त कार्रवाई से भी कांग्रेस असहज महसूस कर रही है। वहीं, बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी उनके दोहरे चरित्र को उजागर करती है।
मुख्यमंत्री ने देवभूमि के मूल स्वरूप पर जोर देते हुए कहा, “देवभूमि की जमीन कोई हरी घास नहीं है कि कोई भी आए, चरकर चला जाए। उत्तराखंड की एक-एक इंच जमीन और यहां के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए हमारी सरकार पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।”
