गिरफ्तार तस्कर
-
लाटरदेवा अंडरपास के पास घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
-
एसएसपी हरिद्वार ने किया खुलासा; ड्रग्स के मुख्य नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
रुड़की: हरिद्वार पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी मुहिम में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग दो करोड़ रुपये कीमत की भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है।
लाटरदेवा अंडरपास के पास हुई गिरफ्तारी
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी हरिद्वार ने गंगनहर कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस टीम को क्षेत्र में मादक पदार्थों की बड़ी खेप आने की इनपुट मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के लाटरदेवा अंडरपास के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से दो करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद हुई। आरोपी मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है।
सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि तस्कर इतनी बड़ी और महंगी खेप कहाँ से खरीद कर लाया था और उत्तराखंड या आसपास के किन इलाकों में इसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
