कृमि मुक्ति दिवस
हरिद्वार। जनपद में आगामी 07 मई को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कमर कस ली है। इस अभियान के तहत जिले के 1 से 19 वर्ष तक के करीब 7 लाख 12 हजार बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। डॉ. सिंह ने बताया कि यह दवा सभी सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बच्चे किसी कारणवश 7 मई को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 मई को आयोजित होने वाले ‘मॉप-अप’ दिवस पर कवर किया जाएगा।
प्रचार-प्रसार पर जोर:
बैठक के दौरान सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि कोई भी बच्चा छूटने न पाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और माइक्रो-प्लानिंग पर जोर देते हुए कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में बाधक है, इसलिए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है।
ये भी पढ़े : उत्तराखंड के पहाड़ों में बिछेगा सड़कों का जाल
