एसएसपी डोभाल
देहरादून | राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर के थानाध्यक्ष सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया है।
जांच प्रभावित न हो, इसलिए उठाया कदम
एसएसपी डोभाल ने स्पष्ट किया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए यह प्रशासनिक कदम उठाया गया है, ताकि चल रही जांच प्रक्रिया किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो। पुलिस विभाग का कहना है कि वे इस पूरे प्रकरण की तह तक जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्या था पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने एक व्यक्ति को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में हिरासत में लेकर रायपुर थाने की हवालात में रखा था। कुछ समय बाद उक्त व्यक्ति हवालात के भीतर ही बेहोश पाया गया। पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने थाने में भारी हंगामा करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मजिस्ट्रेट जांच और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश पहले ही दे दिए हैं। सत्यता का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा किया जाएगा, जिसकी पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
