इंडिया-नेपाल मीटिंग
इंडिया-नेपाल मीटिंग: देहरादून पहुंचे दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी, सीमा प्रबंधन और सुरक्षा पर अहम बैठक
देहरादून |भारत और नेपाल के गृह और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीमा प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक देहरादून में आयोजित की जा रही है। दो दिन तक चलने वाली इस उच्च-स्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा पार अपराध, घुसपैठ को रोकना और ऐतिहासिक नक्शों की मदद से सीमा विवादों का समाधान निकालना है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों देशों के बीच खुली सीमा पर सुरक्षा, तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों को रोकने के उपायों पर मंथन किया जा रहा है। इसके अलावा, लिपुलेख दर्रे से भारत-चीन व्यापार को लेकर नेपाल की चिंताओं और रुख पर भी विस्तार से बातचीत हो रही है। बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पौसुमी बसु कर रही हैं, जबकि नेपाली दल की अगुवाई नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले कर रहे हैं।
