बदरीनाथ | विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा के भव्य और सुरक्षित संचालन को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इस बार सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी गई है; पहली बार धाम की सुरक्षा में आतंकवाद निरोधक दस्ता को भी तैनात किया गया है।
मल्टी-लेवल सुरक्षा घेरा तैयार
धाम में उमड़ने वाली भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बहु-स्तरीय सुरक्षा प्लान लागू किया है। इसके तहत बदरीनाथ धाम के मुख्य मंदिर परिसर से लेकर सभी प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू दर्शन उनकी पहली प्राथमिकता है।
CCTV से निगरानी और एटीएस का सुरक्षा कवच
सुरक्षा को तकनीकी रूप से भी मजबूत बनाया गया है। पूरे धाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एटीएस की टुकड़ी ने धाम में मोर्चा संभाल लिया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी हो गई है।
तैयारियां हुई पूरी
पुलिस अधीक्षक चमोली के अनुसार, यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस के जवान गाइड की भूमिका में भी नजर आएंगे। कपाट खुलने के ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से आने वाले भक्तों के स्वागत के लिए बदरीनाथ पूरी तरह तैयार है।
ये भी पढ़े :
