सड़क हादसा
देहरादून | उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर मणिमाई मंदिर और टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े एक लोडिंग वाहन से पीछे से आ रही इको कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
हर्रावाला चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इको गाड़ी देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे एक लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया, जिससे वह अनियंत्रित हो गया और इको गाड़ी उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इको गाड़ी के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वाहन में सवार थे सात लोग
हादसे के वक्त इको गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। गाड़ी के आगे की सीट पर बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका इलाज जारी है।
प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
