लैब
IIT के प्रोफेसर देंगे बच्चों को AI की ट्रेनिंग
रुड़की। तहसील परिसर में मंगलवार को शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा। कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वी-मार्क इंडिया लिमिटेड द्वारा स्थापित आधुनिक कंप्यूटर लैब का भव्य लोकार्पण किया गया। इस डिजिटल पहल की शुरुआत जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, IIT रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत और कंपनी के प्रबंध निदेशक विकास गर्ग ने संयुक्त रूप से फीता काटकर की।
प्रशासन और IIT के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जिला प्रशासन और IIT रुड़की के बीच हुआ MOU रहा। इसके तहत सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं को कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों की उच्च स्तरीय शिक्षा दी जाएगी। खास बात यह है कि IIT के अनुभवी प्रोफेसर स्वयं बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे और कोर्स पूरा होने पर उन्हें अधिकृत प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
वंचित वर्ग के बच्चों को मिलेगी नई दिशा
लोकार्पण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा, “यह लैब बच्चों के उज्जवल भविष्य की कुंजी साबित होगी। इससे ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को डिजिटल इंडिया की मुख्यधारा से जुड़ने का मौका मिलेगा।” वहीं, IIT निदेशक प्रो. पंत ने इसे शिक्षा, प्रशासन और उद्योग के बीच बेहतरीन तालमेल का उदाहरण बताया।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
वी-मार्क इंडिया के प्रबंध निदेशक विकास गर्ग ने बताया कि इस लैब का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस हाईटेक लैब के शुरू होने से अब स्थानीय छात्रों को ग्लोबल लेवल की तकनीक सीखने के लिए कहीं दूर नहीं जाना पड़ेगा।
