कांग्रेस का प्रदर्शन
हरिद्वार|दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और बीते दिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों की पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में आज रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मुख्य चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर भड़ास निकाली। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आई है। लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांगों को उठा रहे छात्रों तथा विपक्ष की आवाज को लाठी-डंडों और पुलिस बल के दम पर दबाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है।
सड़क से संसद तक उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेसियों ने दोटूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की इस तानाशाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि केंद्र सरकार ने छात्रों और विपक्ष की न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक और भी अधिक व्यापक और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजवीर चौहान, पूर्व राज्यमंत्री मनोज धनगर और शिवालिक नगर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार की जनविरोधी नीतियों और पुलिस की एकतरफा कार्रवाई पर तीखे सवाल खड़े किए।
