कांग्रेस
हल्द्वानी। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में एकत्रित होकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस कमरतोड़ महंगाई ने आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण हर चीज महंगी हो रही है, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
‘महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम रही सरकार’
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आम जनता की बुनियादी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है। वह महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है और राहत देने के बजाय जनता पर लगातार टैक्स और कीमतों का बोझ थोप रही है।
कांग्रेस की चेतावनी: “यदि केंद्र सरकार ने बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस नहीं लीं, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। जनता के हक के लिए इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।”
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और युवा साथी मौजूद रहे, जिन्होंने एक सुर में तेल की कीमतों को कम करने की मांग की।
