अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार
मथ्यागांव के पास हुआ हादसा, एक युवक गंभीर घायल; DDRF और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग। जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मथ्यागांव के समीप हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के वक्त वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में मोहन सिंह (65) और विनोद सिंह (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित (26) गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को मथ्यागांव के पास वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
दुर्घटनास्थल तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई।
घायल को अस्पताल भेजा
रेस्क्यू टीम को रोहित घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मोहन सिंह और विनोद सिंह के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
बताया गया कि वाहन में रोहित पुत्र जगत सिंह, मोहन सिंह पुत्र भाग सिंह और विनोद सिंह पुत्र दरमान सिंह सवार थे।
हादसे के कारणों की जांच
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित स्तर पर हादसे की परिस्थितियों और कारणों की जांच की जा रही है।
प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान पूरा कर घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जबकि दोनों मृतकों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
