हल्द्वानी पहुंचे नितिन नवीन
– हल्द्वानी में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति संपन्न
– कहा- ‘दलितों का अपमान करने वाले कभी सम्मान नहीं कर सकते’
हल्द्वानी| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की नीतियों को देश को बांटने वाला करार देते हुए कहा कि जिस पार्टी का इतिहास दलितों के अपमान का रहा हो, वह कभी उनका सम्मान नहीं कर सकती।
समारोह की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से पार्टी का झंडारोहण करके की।
राहुल गांधी और खरगे पर साधा निशाना
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को तुष्टिकरण, सीमा सुरक्षा और दलित उत्पीड़न के मुद्दों पर आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “राहुल मियां, आप विदेश में पले-बढ़े हैं, इसलिए ‘वंदे मातरम’ की भावना को नहीं समझ सकते। सनातन परंपरा को गाली दी जाए तो कांग्रेस को दर्द नहीं होता, बल्कि वंदे मातरम से दर्द होता है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बाबा साहेब आंबेडकर को चुनाव हरवाने से लेकर बाबू जगजीवन राम के साथ दुर्व्यवहार, राजस्थान में अपने ही अध्यक्ष की पिटाई और कर्नाटक में दलित नेता पर अत्याचार के मामलों पर राहुल गांधी और कांग्रेस का तथाकथित ‘संविधान प्रेम’ पूरी तरह मौन हो जाता है।
सीमा सुरक्षा और राष्ट्रवाद पर सरकार की पीठ थपथपाई
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की सोच पर प्रहार करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि पहले सीमा पर सड़कें बनाने से डर लगता था और सीमांत गांवों को ‘अंतिम गांव’ माना जाता था। लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज उन क्षेत्रों को ‘प्रथम गांव’ का दर्जा मिला है। उन्होंने गर्व से कहा कि आज जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर पाकिस्तानी झंडा नहीं, बल्कि शान से तिरंगा लहराता है और भारत हर ईंट का जवाब पत्थर से देता है।
2027 का रोडमैप: ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आह्वान किया कि संगठन की मजबूती के बावजूद अति-आत्मविश्वास में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 हमारे सामने एक चुनौती भी है और ताकत दिखाने का अवसर भी। हर कार्यकर्ता को जनता से सीधा संवाद साधते हुए ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के संकल्प के साथ बिना थके और बिना रुके काम करना है। यह दशक उत्तराखंड का दशक है और 2027 के प्रचंड बहुमत के बाद 2029 का लक्ष्य भी पूरा किया जाएगा।
शुरुआत में उत्तराखंड की महत्ता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह देवभूमि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मनभूमि’ है, जहां से ऊर्जा लेकर वे 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करते हैं।
विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएंगे: मुख्यमंत्री धामी
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार अपने विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जा रही है, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। वे केवल झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जनता को यह समझाना होगा कि कांग्रेस की राजनीति का आधार तुष्टिकरण और समाज में बंटवारा करना है, जबकि हमारी राजनीति का मुख्य आधार विकास, राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति का संरक्षण है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी अपने विचार रखे और आगामी चुनावों के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की।
