- असम बॉर्डर के रास्ते 2017 में भारत आई थी महिला
-
पटेलनगर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त कार्रवाई
-
दस्तावेज न दिखाने पर हुआ बड़ा खुलासा
देहरादून:स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिलेभर में चलाए जा रहे संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त टीम ने दून में अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है। महिला वर्ष 2017 में असम बॉर्डर के रास्ते भारत में दाखिल हुई थी।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि शुक्रवार को पटेलनगर क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी, आईएसबीटी के पास किराये के मकान में रह रही महिला का सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा पहचान संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिससे संदेह होने पर उसे थाने लाया गया।

बांग्लादेशी आईडी और पासपोर्ट बरामद
पुलिस पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान हमीदा अख्तर, पुत्री मोहम्मद हसन, निवासी ढाका (बांग्लादेश) के रूप में बताई। उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर हमीदा अख्तर के नाम की बांग्लादेशी आईडी और पासपोर्ट की डिजिटल प्रतियां बरामद हुईं।
पति के साथ मिलकर चला रही थी बुटीक
प्राथमिक पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि उसने वर्ष 2018 में दिल्ली निवासी अकरम नामक व्यक्ति से निकाह किया था। इसके लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व वह अपने पति के साथ देहरादून आ गई थी। यहां चांचक पुल के पास उसका पति बुटीक संचालित करता था, जिसमें वह भी उसका हाथ बंटाती थी। देहरादून में रहने के दौरान वे अलग-अलग स्थानों पर किराये के मकान बदलकर रह रहे थे। पुलिस ने अवैध रूप से निवास करने के आरोप में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
