प्रेस वार्ता
खटीमा: 125 एकड़ भूमि विवाद में गरमाया माहौल, ‘तलवार फार्म’ के स्वामियों ने भू-माफियाओं पर साधा निशाना
खटीमा |सीमांत क्षेत्र खटीमा के दमगड़ा स्थित ‘तलवार फार्म’ की 125 एकड़ भूमि पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को मुख्य खातेदार के पोते अभिमन्यु तलवार ने प्रेस वार्ता कर प्रशासन और भू-माफियाओं की मिलीभगत का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
बिना कोर्ट ऑर्डर खड़ी फसल रौंदने का आरोप
अभिमन्यु तलवार ने बताया कि बीती 31 जनवरी को प्रशासन ने बिना किसी ठोस अदालती आदेश के ट्रैक्टरों से खड़ी फसल को रौंद दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उपजिलाधिकारी से कार्रवाई का आधार या सरकारी आदेश मांगा गया, तो वे निरुत्तर रहे। तलवार ने दावा किया कि यह पूरा खेल कुछ रसूखदार भू-माफियाओं के इशारे पर रचा गया है।
माननीय उच्च न्यायालय में मामला लंबित
प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि यह मामला वर्तमान में माननीय उच्च न्यायालय की डबल बेंच के समक्ष विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 19 मार्च को होनी तय है। अभिमन्यु के अनुसार, कोर्ट ने पहली सुनवाई में ही दो भू-माफियाओं पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। उन्होंने कहा, “हम आज 2 मार्च तक प्रशासन की कार्रवाई का इंतज़ार कर रहे हैं।”
खातेदारों से सीधी वार्ता की अपील
तलवार परिवार, जो पिछले 60 वर्षों से इस भूमि पर खेती कर रहा है, ने अन्य दावेदारों से अपील की है कि वे भू-माफियाओं के बहकावे में न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी के पास वैध खातेदारी के प्रमाण हैं, तो वे सीधे आकर वार्ता करें। परिवार ने चुनौती दी कि जो लोग अपनी जमीन होने का दावा कर रहे हैं, वे खेती करने का कोई भी साक्ष्य पेश करें।
