राष्ट्रीय महिला आयोग
– राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने लिया गंभीर संज्ञान
– दरोगा निलंबित, अन्य पुलिसकर्मियों और सहयोगियों की भूमिका की भी होगी जांच
अमरोहा / लखनऊ: हसनपुर क्षेत्र के एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर पूरे मामले की विस्तृत और समयबद्ध जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) तलब की है।
नरेश चौधरी की शिकायत पर लिया गया एक्शन
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने महिला आयोग की अध्यक्ष को पत्र लिखकर इस सनसनीखेज घटना की जानकारी दी थी और तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की थी। इसी शिकायत के आधार पर आयोग की अध्यक्ष ने डीजीपी को पत्र जारी कर मामले में कड़ाई बरतने के निर्देश दिए।
आयोग के प्रमुख निर्देश:
-
कठोर कानूनी कार्रवाई: मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
-
फोरेंसिक साक्ष्य: घटना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण फोरेंसिक साक्ष्यों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए।
-
सहयोगियों की भूमिका: आरोपियों के सहयोगियों या इस कृत्य में शामिल किसी भी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की गहन जांच हो।
-
दोषी कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई: घटना में संलिप्त पाए जाने वाले पुलिस या अन्य विभागों के कर्मियों के खिलाफ त्वरित विभागीय एक्शन लिया जाए।
-
पीड़िता को सहायता: पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक चिकित्सकीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाए।
दरोगा निलंबित, अन्य संपर्कों की हो रही जांच
उल्लेखनीय है कि इस फार्म हाउस में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों को गृह विभाग की जांच टीम बताकर ठहराने के गंभीर आरोपों से घिरे रजबपुर थाने के दरोगा नरेशपाल राणा को रविवार को निलंबित कर दिया गया है। आरोपियों के साथ उनके किसी भी प्रकार के संपर्क या संबंध की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, इस प्रकरण पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा सीबीआई जांच की मांग और गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद, संबंधित विधायक उमेश कुमार ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से तीखा पलटवार किया है।
