भुली योजना
गणेश गोदियाल ने सरकार से पूछा सवाल, बेरोजगारी के मुद्दे पर भी मांगा जवाब
देहरादून। उत्तराखंड में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भुली योजना के दायरे और इसके लाभार्थियों की संख्या पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में महिलाओं की संख्या योजना के लिए निर्धारित लाभार्थियों से अधिक है, तो बाकी महिलाओं को इस योजना के दायरे से बाहर क्यों रखा गया है।
भुली योजना के तहत महिलाओं को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार की ओर से योजना के तहत केवल 5.23 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश की बाकी महिलाओं को इस योजना का लाभ क्यों नहीं मिलेगा और आखिर लाभार्थियों की संख्या सीमित रखने के पीछे सरकार का क्या आधार है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि योजना के लाभार्थियों की संख्या तय करने का आधार क्या है और बाकी महिलाओं को योजना से बाहर रखने की वजह क्या है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार के झांसों में आने वाली नहीं है। सरकार को केवल घोषणाएं करने के बजाय यह भी बताना चाहिए कि इन घोषणाओं का वास्तविक लाभ कितने लोगों तक पहुंचेगा।
बेरोजगारी के मुद्दे पर भी मांगा जवाब
महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना के साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकार ने अब तक क्या किया है। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के मामले में सरकार की उपलब्धियां क्या हैं, इस बारे में भी जनता को स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने भी रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कांग्रेस ने सरकार से सवाल किया कि आखिर इन वर्गों के लिए की जा रही घोषणाओं का लाभ जमीनी स्तर पर कितने लोगों तक पहुंच रहा है।
