आरोपी युवक गिरफ्तार
रायवाला। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर कला में गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रात के सन्नाटे में एक युवक ने ताबड़तोड़ करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहमकर अपने घरों में छिप गए।
जानकारी के अनुसार, हरिपुर कला में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए फायरिंग की इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
घटना के बाद आक्रोशित पीड़ित पक्ष के लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक रायवाला कोतवाली में डटे रहे। उधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक सबूत एकत्र किए।
प्रभारी कोतवाली रायवाला मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
