सेना के वाहनों से कोटद्वार लाए गए शव
कोटद्वार|गुजरात में हुए हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं। सोमवार तड़के सेना के वाहनों से पार्थिव शरीर कोटद्वार पहुंचे तो हर आंख नम हो गई। मासूम बेटियों और पत्नियों के शव देखकर परिजनों का दर्द फूट पड़ा, पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है।
गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार तड़के सेना के वाहनों से कोटद्वार के कौड़िया स्थित सेना के कैंप में लाए गए। यहां से तिरंगे में लिपटे सैनिकों के पार्थिव शरीर और उनके परिजनों के शव उनके आवासों पर पहुंचाए गए। अपनों के शव देखते ही परिजन उनसे लिपटकर बिलख पड़े। हादसे में तीन परिवारों के छह सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका के पार्थिव शरीर पदमपुर सुखरो के ध्रुवपुर स्थित उनके आवास पर ले जाए गए। यहां गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने उन्हें सलामी दी। उनके शव मोहल्ले में पहुंचते ही उपस्थित जनसमुदाय रो पड़ा।
हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध
वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (30) और चार साल की बेटी वामिका के शव मोटाढाक के शिवराजपुर स्थित आवास पर पहुंचाए गए। मां और बेटी के शव देखते ही परिजन फफक पड़े। परिवार के सदस्यों को रोता देख गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
हादसे में द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता की भी जान चली गई। सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर लेकर सिमलचौड़ स्थित आवास पहुंचे तो वहां भी चीख-पुकार मच गई। हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आया। बताया जा रहा है कि तीनों परिवारों के अंतिम दर्शनों के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले जाया जाएगा। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
