बागेश्वर में कांग्रेस सम्मेलन में माला के लिए खींचतान करते हरीश रातव और यशपाल आर्या।
कुमारी सैलजा के स्वागत समारोह का वीडियो वायरल, दोनों नेताओं ने विवाद की खबरों को नकारा; बोले- आपसी प्रेम और सम्मान का मामला
बागेश्वर। उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यक्रम में मंच पर फूलमाला पहनाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच हुई हल्की खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के स्वागत समारोह के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को जन्म दे दिया। वीडियो में दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर कुछ देर तक नोकझोंक जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों नेताओं ने किसी भी तरह के विवाद या नाराजगी से साफ इन्कार किया। उन्होंने इसे आपसी प्रेम, सम्मान और बड़ों के प्रति आदर का भाव बताया।
दरअसल, कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा मंच के बीच में बैठी थीं। उनके एक ओर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मौजूद थे। इसी बीच हरीश रावत हाथ में फूलों की माला लेकर यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़े। इस पर यशपाल आर्य ने उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले ली और हरीश रावत को माला पहनाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, हरदा ने हाथ के इशारे से मना कर दिया।
कुछ देर तक दोनों नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर यह सिलसिला चलता रहा। अंत में हरीश रावत ने यशपाल आर्य के हाथ से माला लेकर स्वयं पहन ली, लेकिन यशपाल आर्य ने माला नहीं पहनी और उसे लेकर बैठ गए। इस दौरान दोनों नेताओं के हाव-भाव को देखकर मंच पर किसी तरह की नाराजगी होने की चर्चा शुरू हो गई। वहीं, मंच पर मौजूद कुमारी सैलजा दोनों नेताओं को देखकर मुस्कुराती नजर आईं।
कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही इस घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं को पूरे मामले पर सफाई देनी पड़ी। दोनों नेताओं ने इसे सामान्य शिष्टाचार और एक-दूसरे के प्रति सम्मान से जुड़ा मामला बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने भी इस घटनाक्रम को दोनों नेताओं के बीच सामान्य मजाक करार दिया और किसी तरह के विवाद से इन्कार किया।
हरीश रावत ने क्या कहा?
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यशपाल आर्य उनके छोटे भाई और पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वह क्षेत्र में आए थे, इसलिए हरीश रावत पहले उनका स्वागत करना चाहते थे। वहीं, यशपाल आर्य सम्मान के चलते उन्हें पहले माला पहनाने की जिद कर रहे थे। हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम में नाराजगी जैसी कोई बात नहीं थी और इसे विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
यशपाल आर्य ने भी दी सफाई
वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि हरीश रावत उनके बड़े भाई और अभिभावक तुल्य हैं। ऐसे में छोटा भाई अपने बड़े भाई से पहले माला कैसे पहन सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल बड़ों के प्रति सम्मान का भाव था, जिसे कुछ लोगों ने गलत तरीके से प्रचारित किया। यशपाल आर्य ने पार्टी में एकजुटता की बात कहते हुए कहा कि सभी नेता पूरी तरह साथ हैं और किसी तरह का मतभेद नहीं है।
कुमारी सैलजा ने भी विवाद से किया इन्कार
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भी मंच पर हुए घटनाक्रम को विवाद मानने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि माला पहनाने को लेकर कोई विवाद या नाराजगी नहीं थी। इस मामले को आपस में ही सुलझा लिया गया था। उन्होंने विपक्ष और सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम को बेवजह तूल नहीं देने की बात कही।
फिलहाल, मंच पर माला पहनाने को लेकर हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, तीनों वरिष्ठ नेताओं की ओर से दी गई सफाई के बाद कांग्रेस ने इसे आपसी सम्मान और शिष्टाचार का मामला बताया है।
