रुद्रपुर में यूथ कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव
रुद्रपुर : हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को रुद्रपुर स्थित उधम सिंह नगर कलेक्ट्रेट पर यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जातिवाद को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया।
संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है घटना: सुरभि द्विवेदी
प्रदर्शन की अगुवाई कर रही यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने भाजपा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक दलित राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद इस तरह का कृत्य करना खुलेआम जातिवाद और नफरत को बढ़ावा देना है, जो पूरी तरह से असंवैधानिक है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस तरह के मामलों में भी एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तो एससी-एसटी एक्ट जैसे कानूनों का क्या औचित्य रह जाता है।
पुलिस कार्रवाई और दमन नीति का आरोप
सुरभि द्विवेदी ने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले कांग्रेस और यूथ कांग्रेस नेताओं को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कथित शुद्धिकरण किया, उन पर कार्रवाई करने के बजाय विरोध करने वालों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा और अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और युवा 2027 के विधानसभा चुनाव में इन नीतियों का करारा जवाब देंगे। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
